IPL 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपना खिताब सफलतापूर्वक बरकरार रखते हुए इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ कप्तान रजत पाटीदार का नाम IPL इतिहास के चुनिंदा सफल कप्तानों में दर्ज हो गया। वह रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी के बाद तीसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दो सीजन में अपनी टीम को चैंपियन बनाया है। पाटीदार की कप्तानी में RCB ने पिछले सीजन भी खिताब जीता था।
पिछले साल का जश्न बना था मातम
RCB ने IPL 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था, लेकिन उस ऐतिहासिक जीत का जश्न एक दर्दनाक हादसे की वजह से फीका पड़ गया था। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान मची भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर दिया था और टीम पर भी गहरा भावनात्मक प्रभाव पड़ा था।
पूरे सीजन दिवंगत प्रशंसकों को दिया सम्मान
IPL 2026 के दौरान RCB ने भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रशंसकों को श्रद्धांजलि देने के लिए कई विशेष पहल कीं। टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने पहले मैच से पहले एक मिनट का मौन रखा और काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरी। खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र के दौरान जर्सी नंबर 11 पहनकर भी दिवंगत प्रशंसकों को सम्मान दिया। इसके अलावा, फ्रेंचाइजी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें पूरे सीजन खाली रखने का फैसला किया, ताकि उन प्रशंसकों की याद को सम्मानपूर्वक जीवित रखा जा सके।
‘यह ट्रॉफी उन परिवारों के नाम’
फाइनल जीतने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान रजत पाटीदार ने भावुक संदेश देते हुए कहा कि यह खिताब उन परिवारों को समर्पित है, जिन्होंने पिछले वर्ष की दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया था। पाटीदार ने कहा, “हम यह ट्रॉफी अपने प्रशंसकों को समर्पित करते हैं। विशेष रूप से उन परिवारों को, जिन्होंने पिछले साल हुई दुखद भगदड़ में अपने अपनों को खोया। उनकी याद हमेशा हमारे साथ रहेगी।”