रांची। 16वीं महिला सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही माउंट कार्मेल कॉलेज, महानगर, लखनऊ की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रभावशाली परिचय दिया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने कुल पांच मुकाबले खेले। टीम के प्रदर्शन में गोलकीपर अविका मिश्रा की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। गोलकीपर के रूप में अविका ने महत्वपूर्ण मौकों पर शानदार बचाव करते हुए टीम के डिफेंस को मजबूती प्रदान की और राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपने खेल से प्रभावित किया।
अविका मिश्रा के साथ नायरा सहनी, आद्रिका त्रिवेदी और धान्या त्रिवेदी ने भी पूरे टूर्नामेंट में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान जज्बे, अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना का शानदार परिचय दिया तथा राष्ट्रीय स्तर पर बहुमूल्य अनुभव अर्जित किया।
टीम के इस प्रदर्शन में कोच चांद खान के प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रेरणा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टीम की तैयारी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के लिए कोच चांद खान की विशेष सराहना की गई।
उत्तर प्रदेश टीम की खिलाड़ी अविका मिश्रा, मरियम खान, मीनाक्षी तिवारी, सिदरा सिद्दीकी, शिवि तम्टा, संस्कृति श्रीवास्तव, आद्रिका त्रिवेदी, नायरा सहनी, धान्या त्रिवेदी, नुवैरा उस्मानी, इमामा इमरान खान, ज़ैनब, इफ़राह खान, अलीशा ऐजाज़, आइरा सिद्दीकी, अन्वी मित्तल एवं विज्ञानशी प्रजापति।