आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की तारीफ अब दुनिया के बड़े क्रिकेटरों तक पहुंच चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने युवा बल्लेबाज की जमकर सराहना की है और माना कि उन्हें गेंदबाजी करना बेहद मुश्किल है। राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टूर्नामेंट का सबसे तेज शतक जड़ा था। इसके अलावा एलिमिनेटर मुकाबले में भी उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेलकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया।
पैट कमिंस बोले- गलती की कोई गुंजाइश नहीं
फॉक्स क्रिकेट से बातचीत में पैट कमिंस ने कहा कि वैभव के सामने गेंदबाजी करना किसी चुनौती से कम नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि काश वैभव अभी भी स्कूल क्रिकेट खेल रहे होते, ताकि उन्हें उनके खिलाफ गेंदबाजी न करनी पड़ती। कमिंस ने कहा, “वह बेहद खास प्रतिभा हैं। जिस ताकत से वह गेंद को हिट करते हैं, उसे देखकर हैरानी होती है। उनके सामने गेंदबाज के पास गलती की बिल्कुल भी गुंजाइश नहीं रहती।”
पहली ही गेंद पर जड़ा था छक्का
आईपीएल 2026 में कमिंस की वापसी ऐसे समय हुई, जब वैभव शानदार फॉर्म में चल रहे थे। दोनों टीमों के मुकाबले में युवा बल्लेबाज ने कमिंस की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। उसी मैच में उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शतक पूरा कर रिकॉर्ड बना दिया था। एलिमिनेटर मुकाबले में भी वैभव का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। हालांकि वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से सिर्फ तीन रन दूर रह गए।
राजस्थान की जीत में निभाई बड़ी भूमिका
वैभव की आक्रामक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। उस मुकाबले में पैट कमिंस को कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने चार ओवर में 64 रन खर्च किए।