मोहाली। पंजाब के मोहाली से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक निजी कंपनी के ऑफिस में युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी ऑफिस के अंदर युवती पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। घटना में युवती की मौत हो गई, जबकि आरोपी ने बाद में खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम फेज-11 इलाके स्थित एक निजी कंपनी के ऑफिस में हुई। मृतक युवती की पहचान डिंपल के रूप में हुई है, जो पटियाला की रहने वाली थी और कंपनी में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि वह ऑफिस में अपनी सीट पर काम कर रही थी, तभी हरविंदर उर्फ हैरी वहां पहुंचा और अचानक चाकू से हमला शुरू कर दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि शुरुआती हमले के बाद युवती खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी ने गेट के पास पकड़कर उस पर फिर कई वार किए। ऑफिस में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वारदात हो चुकी थी।
घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है।
तीन साल पहले हुई थी दोस्ती
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में साथ काम करते थे। करीब तीन साल पहले दोनों की दोस्ती हुई थी, जो बाद में रिश्ते में बदल गई। हालांकि कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी इस रिश्ते के टूटने के बाद मानसिक रूप से परेशान था और दोबारा संबंध सुधारने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
मोहाली थाना फेज-11 के SHO अमन बैदवान के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं और CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। ऑफिस को सील कर दिया गया है और मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी संबंधों से जुड़ा दिखाई दे रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।