नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब एक बार फिर एक्शन में नजर आने वाले हैं। भारत ए टीम के साथ वह ट्राई सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका पहुंच चुके हैं। इस टूर्नामेंट में इंडिया ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए की टीमें आमने-सामने होंगी।
दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में इस सीरीज का भारत में प्रसारण तय नहीं था, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता और फैंस के बढ़ते उत्साह को देखते हुए अब मुकाबलों का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर किया जाएगा।
IPL 2026 में बल्ले से मचाया तहलका
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का तमगा हासिल किया। उन्होंने 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.30 की स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए।
इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक और एक शतक निकला। प्लेऑफ में भी वैभव ने तूफानी बल्लेबाजी की, हालांकि वह दो बार शतक के करीब पहुंचकर नर्वस 90 का शिकार हो गए। पूरे सीजन में उन्होंने 63 चौके और 72 छक्के जड़कर गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
9 जून से शुरू होगी ट्राई सीरीज
ट्राई सीरीज की शुरुआत 9 जून से दांबुला में होगी। पहले मुकाबले में इंडिया ए टीम का सामना श्रीलंका ए से होगा। इसके बाद भारतीय टीम 11 जून को अफगानिस्तान ए से भिड़ेगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे।
सीरीज का फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा। भारत ए टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ उपकप्तान होंगे। टीम में वैभव सूर्यवंशी के अलावा कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।