आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने टीम और फैंस के लिए भावुक संदेश साझा किया है। लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने के बाद विराट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए पूरे सीजन के सफर को याद किया।
विराट कोहली ने अपने पोस्ट में लिखा, “सीजन की शुरुआत भरोसे के साथ हुई और अंत लगातार दूसरे खिताब के साथ हुआ। इस टीम ने हर जज़्बात को साथ मिलकर महसूस किया। दबाव, मुश्किलें, उतार-चढ़ाव और फैंस का अटूट समर्थन… यही इस जीत को खास बनाता है। यह टीम और यह फ्रेंचाइजी मेरे लिए घर जैसी है।”
आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में पहली बार 2025 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद टीम ने 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरा खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया। पिछले सीजन में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी जीती थी, जबकि इस बार फाइनल में गुजरात टाइटंस को मात देकर चैंपियन बनी।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस को 155 रन पर रोक दिया। इसके बाद टीम ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
इस खिताबी जीत में विराट कोहली का योगदान सबसे अहम रहा। फाइनल मुकाबले में उन्होंने 42 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पूरे सीजन में विराट शानदार लय में नजर आए। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे। आरसीबी की लगातार दूसरी ट्रॉफी जीत में उनकी बल्लेबाजी टीम की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई।