एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराया। इस जीत के साथ टीम इंडिया का सिल्वर मेडल पक्का हो गया है और अब उसकी नजर गोल्ड मेडल पर है। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई।
शैफाली वर्मा ने जड़ा तूफानी शतक
भारत की जीत की सबसे बड़ी स्टार शैफाली वर्मा रहीं। उन्होंने बांग्लादेशी गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए महज 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। पारी की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने सेंचुरी पूरी की। शैफाली ने अपनी नाबाद पारी में 3 चौके और 9 छक्के लगाए। यह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनका पहला शतक है। इस शानदार पारी के साथ वह एशियन गेम्स में शतक लगाने वाली पहली क्रिकेटर भी बन गईं। भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली। कमलिनी 3 और ऋचा घोष 2 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि भारती फुलमाली 9 रन बनाकर नाबाद रहीं। बांग्लादेश के लिए मारूफा अख्तर, शंजीदा अख्तर, राबेया खान और नाहिदा अख्तर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
भारतीय गेंदबाजों के सामने बांग्लादेश ने टेके घुटने
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर जुएरिया फिरदौस बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और बांग्लादेश के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। दिलीरा अख्तर ने 23 गेंदों पर 27 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और एक छक्का शामिल रहा। शर्मीन अख्तर ने 10 और सुल्ताना खातून ने 12 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।भारत की ओर से नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट झटके। दोनों की शानदार गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम 81 रन पर ऑलआउट हो गई।
22 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल
एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट के फाइनल में अब भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। भारत और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा। फाइनल जीतने वाली टीम को स्वर्ण पदक मिलेगा, जबकि हारने वाली टीम के खाते में सिल्वर मेडल आएगा। वहीं ब्रॉन्ज मेडल के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी।