भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने को लेकर चल रहे विवाद पर अब कोहली की टीम की ओर से आधिकारिक सफाई सामने आई है। प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए विराट कोहली को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये दिए जाने के दावे को उनके प्रवक्ता ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। कोहली के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज से अपनी आस्था और सम्मान के चलते मिलते हैं। उनके आश्रम जाने के पीछे किसी तरह के व्यावसायिक लेन-देन या आर्थिक समझौते का कोई संबंध नहीं है।
5 करोड़ रुपये वाले दावे पर क्या बोली कोहली की टीम
यह विवाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी महाराज के एक दावे के बाद शुरू हुआ। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजस्थान की एक निजी कंपनी और प्रॉपर्टी से जुड़े लोगों ने 2023 में विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज से पहली मुलाकात कराने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को पूरी तरह गलत और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि विराट का प्रेमानंद महाराज से जुड़ाव व्यक्तिगत आस्था पर आधारित है। प्रवक्ता ने आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज किया है।
मीडिया से भी की जिम्मेदार रिपोर्टिंग की अपील
कोहली की टीम ने इस मामले में मीडिया संस्थानों और पत्रकारों से भी जिम्मेदार रवैया अपनाने की अपील की है। टीम का कहना है कि किसी भी दावे को रिपोर्ट या सोशल मीडिया पर आगे बढ़ाने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि की जानी चाहिए। प्रवक्ता ने मीडिया से ऐसी सूचनाओं को बिना सत्यापन के प्रसारित या बढ़ावा नहीं देने का आग्रह किया है।
2023 से प्रेमानंद महाराज से मिलते रहे हैं विराट-अनुष्का
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा लंबे समय से प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन जाते रहे हैं। दोनों की पहली चर्चित मुलाकात जनवरी 2023 में हुई थी। इसके बाद भी दोनों कई बार आश्रम पहुंच चुके हैं। इन मुलाकातों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं। जुलाई 2026 में भी दोनों के आश्रम पहुंचने की खबर सामने आई थी।
रसिक दुलारी की मौत के बाद फिर चर्चा में आया आश्रम
प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े इस दावे ने उस समय ज्यादा तूल पकड़ा जब उनके शिष्य रसिक दुलारी की मौत के बाद आश्रम को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुईं। इसी दौरान दिनेश शर्मा की ओर से विराट कोहली और आश्रम को लेकर भी आरोप लगाए गए। हालांकि, इन आरोपों को अब कोहली की टीम ने आधिकारिक तौर पर खारिज कर दिया है। रसिक दुलारी की मौत से जुड़े मामले की जांच जारी होने की बात भी रिपोर्टों में सामने आई है।