उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को फर्जी ब्रिगेडियर बताकर वर्दी पहनकर घूम रहा था। आरोपी की पहचान आर्यन वर्मा के रूप में हुई है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने सेना और पूर्व सैनिकों की मदद से संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जानकारी के अनुसार, आरोपी टाटा हैरियर कार से घूम रहा था, जिस पर आर्मी हेडक्वार्टर (AHQ) का झंडा और वन-स्टार अधिकारी जैसी पहचान प्लेट लगी हुई थी। कार में चालक समेत दो अन्य लोग भी मौजूद थे, जो सुरक्षा कर्मियों जैसी वेशभूषा में थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आईडी कार्ड, ब्रिगेडियर की वर्दी, एयर पिस्टल, पीक कैप, आर्मी मेडिकल कोर से जुड़े प्रतीक चिन्ह, विजिटिंग कार्ड, स्टेथोस्कोप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का सपना सशस्त्र बलों की मेडिकल सेवा में डॉक्टर बनने का था, लेकिन वह परीक्षा पास नहीं कर सका। इसके बावजूद उसने अपने परिजनों को चयन की गलत जानकारी दी और बाद में फर्जी पहचान के सहारे खुद को ब्रिगेडियर बताने लगा।
पिछले करीब दो महीनों से शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में एक संदिग्ध व्यक्ति के सैन्य अधिकारी बनकर घूमने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद स्टेशन मुख्यालय के प्रशासनिक कमांडेंट कर्नल जेएस जगलान ने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर उसकी पहचान सत्यापित करने की रणनीति बनाई।
ऑपरेशन के तहत आरोपी को एक स्थानीय सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया, जहां उसकी पहचान की पुष्टि होते ही उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। उसके दो साथी एनएसजी कमांडो जैसी वेशभूषा में मौजूद थे, जिन्हें भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।