प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच दिवसीय विदेश दौरे के पहले चरण में फ्रांस पहुंच गए हैं। नीस पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया और ‘मोदी-मोदी’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की, उनसे हाथ मिलाया और बच्चों के साथ भी समय बिताया। इस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री ने फ्रांस पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर भी अपनी यात्रा को लेकर जानकारी साझा की।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस संबंधों की समीक्षा करेंगे और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे।
नीस में आयोजित होने वाले ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का भी प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, निवेशक और वेंचर कैपिटल फंड भाग लेंगे। इसका उद्देश्य नवाचार, तकनीक और निवेश के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।
फ्रांस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के इतर उनकी कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें होने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी उनकी बैठक हो सकती है, जिसमें दोनों देशों के संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं और इस यात्रा से भारत के प्रमुख साझेदार देशों के साथ संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।