उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा की उत्तर कुंजी (Answer Key) जारी कर दी है। इसके साथ ही बोर्ड ने अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया है।
बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना अनुक्रमांक, जन्मतिथि और प्रश्न पुस्तिका क्रमांक दर्ज करके उत्तर कुंजी देख सकते हैं। परीक्षा में पूछे गए किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर यदि कोई अभ्यर्थी आपत्ति दर्ज कराना चाहता है तो वह संबंधित साक्ष्यों के साथ 23 जून तक ऑनलाइन आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को किया गया था। यह भर्ती प्रक्रिया आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की जा रही है।
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा था कि राज्य में पुलिस भर्ती की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित तरीके से संचालित की गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती में किसी प्रकार की सिफारिश, पक्षपात या भेदभाव को स्थान नहीं दिया गया और केवल योग्यता को ही चयन का आधार बनाया गया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, हाल में आयोजित पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए लगभग 35 हजार पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जिसके लिए करीब 28 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। वहीं, 41 हजार होमगार्ड पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में विभिन्न चरणों के माध्यम से लगभग 2.15 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की जा चुकी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने और सुशासन को प्रभावी बनाने के लिए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बेहद आवश्यक है।
उधर, उत्तर प्रदेश में पुलिस सुधारों के तहत सात जिलों में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की जा चुकी है। जनवरी 2020 में लखनऊ और गौतमबुद्धनगर से शुरू हुई यह व्यवस्था अब वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, कानपुर और आगरा तक विस्तारित हो चुकी है। आयुक्त प्रणाली के तहत पुलिस आयुक्त को अधिक प्रशासनिक और कार्यकारी अधिकार प्राप्त होते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था से जुड़े निर्णय तेजी से लिए जा सकते हैं।