मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर टेमनी खुर्द गांव के पास ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में अधिकांश मजदूर बताए जा रहे हैं, जो पिकअप वाहन में सवार होकर कहीं जा रहे थे। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग वाहन में ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, करीब 15 घायलों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई के हाथ-पैर टूटने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही एडीएम धीरेंद्र सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत को हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी चल रही है।