नई दिल्ली। आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल के खिलाफ एक महिला ने पुलिस में गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि क्रिकेटर ने शादी का भरोसा देकर उनके साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। शिकायत में मारपीट और धमकी देने के आरोप भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत दर्ज कराने वाली महिला और उसकी मां का दावा है कि पिछले करीब तीन वर्षों से दोनों के बीच संबंध थे। महिला के अनुसार, पिछले साल से रिश्ते में तनाव शुरू हुआ और उसके बाद क्रिकेटर ने दूरी बनानी शुरू कर दी। शिकायत में कहा गया है कि शादी का वादा कर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए, लेकिन बाद में रिश्ता स्वीकार करने से इनकार कर दिया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और धमकियां भी दी गईं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
वहीं, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि आरोप पूरी तरह निराधार और झूठे हैं। फिलहाल वह बेंगलुरु में मौजूद हैं और उनके मुताबिक अभी तक पुलिस की ओर से औपचारिक संपर्क नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद वह इस मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
23 वर्षीय अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल की ओर से खेलते हैं और आईपीएल में Delhi Capitals का हिस्सा हैं। उन्होंने आईपीएल में 2023 में डेब्यू किया था और अब तक कई अहम पारियां खेल चुके हैं।
आईपीएल करियर में पोरेल ने 35 मैचों में 769 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 145 से अधिक रहा है और उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए हैं। इसके अलावा वह इंडिया ए टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। फिलहाल मामला जांच के अधीन है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।