महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री के साथ ही मुंबई में जोरदार बारिश का दौर शुरू हो गया है। सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर असर डाल दिया। कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जबकि अंधेरी सबवे पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिसके बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सुरक्षा कारणों से अंडरपास को बंद कर दिया।
भारी बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। लोगों को सुबह ऑफिस और जरूरी कामों के लिए निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर भी नागरिकों ने नगर निगम की तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई समेत ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर बेहद तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर अंधेरी इलाके में देखने को मिला, जहां अंधेरी सबवे में पानी भरने से यातायात पूरी तरह रोकना पड़ा। कई सड़कों पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
IMD के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में बीती रात 5 से 6 घंटे के भीतर अलग-अलग इलाकों में 71 से 99 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। वहीं सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे के बीच सबसे ज्यादा बारिश नायर अस्पताल क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई, जहां करीब 79 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने कहा है कि 24 जून को भी मुंबई में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में लगातार बारिश हो सकती है। इसके चलते जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार मुंबई में सामान्य तिथि से करीब 13 दिन देरी से पहुंचा है। आमतौर पर मुंबई में मानसून 10 जून तक दस्तक दे देता है। फिलहाल मानसून महाराष्ट्र के कई हिस्सों के साथ-साथ तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों तक आगे बढ़ चुका है।