राज्य सरकार ने कारा प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न जेलों में पदस्थापित 30 उपाधीक्षकों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग (कारा) की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी आदेश के अनुसार राज्य की कई मंडल और उपकाराओं में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है, जिससे जेल व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने का प्रयास किया गया है।
पटना सिटी उपकारा में नई तैनाती
अधिसूचना के मुताबिक वीणा कुमारी को पटना सिटी उपकारा का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं अरविंद कुमार-2 को बाढ़ उपकारा में पदस्थापित किया गया है। फुलवारी शरीफ शिविर मंडल कारा से धीरज कुमार का तबादला बेतिया मंडल कारा किया गया है, जबकि पटना सिटी मंडल कारा से अभिषेक कुमार सिंह को किशनगंज मंडल कारा भेजा गया है।
बेऊर केंद्रीय कारा में भी नई पोस्टिंग
राजधानी पटना स्थित केंद्रीय कारा बेऊर में भी तीन सहायक जेल अधीक्षकों की तैनाती की गई है। समस्तीपुर मंडल कारा से ज्योति कुमारी, मधुबनी मंडल कारा से राजीव रंजन और उपकारा शेरघाटी के सहायक अधीक्षक प्रियतम प्रियदर्शी को बेऊर जेल में नियुक्त किया गया है। सरकारी आदेश के अनुसार यह तबादला प्रशासनिक आवश्यकता और कारा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।