पंजाब के अमृतसर में शनिवार को भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पाइटेक्स ग्राउंड, रंजीत एवेन्यू में आयोजित इस कार्यक्रम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ में मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शामिल होंगे।
इस विशेष भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सनातन सेवा समिति पंजाब और पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।
शाम 6:30 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
आयोजन शनिवार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में संत-महापुरुषों के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
भव्य मंच और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच और भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया गया, जिसमें पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सलाहकार दीपक बाली, जिलाधीश दलविंदरजीत सिंह, पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर और सनातन सेवा समिति पंजाब के अध्यक्ष विजय शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
युवाओं को नशे से दूर करने का संदेश
पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी राजनीति से नहीं, बल्कि समाज कल्याण और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।