मथुरा| उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112 और 113 के बीच एक तेज रफ्तार वॉल्वो बस आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। बिहार नंबर की प्राइवेट वॉल्वो बस लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन में चल रहे राजस्थान नंबर के ट्रेलर में बस पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
मथुरा के एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि बस में करीब 65 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में बस की ओवरस्पीडिंग हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस को घटना की सूचना सुबह 3:35 बजे मिली थी, जिसके बाद तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्य में जुटी रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।