अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बुधवार, 1 जुलाई को टी20 इंटरनेशनल खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी। नई रैंकिंग में भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने लंबे समय से शीर्ष पर मौजूद अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया। आईसीसी की ताजा रैंकिंग के मुताबिक ईशान किशन 876 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं अभिषेक शर्मा अब 869 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच सिर्फ 7 अंकों का अंतर है।
टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
ईशान किशन को यह बड़ी छलांग हाल ही में संपन्न टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 317 रन बनाए और कई अहम मौकों पर टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उनकी मैच जिताऊ पारी काफी चर्चा में रही थी। उस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया था।
पहली बार नंबर-1 बने ईशान
यह पहला मौका है जब ईशान किशन आईसीसी टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचे हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने वैश्विक क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वहीं अभिषेक शर्मा, जो करीब एक साल से अधिक समय तक नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए थे, अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। हालांकि दोनों भारतीय बल्लेबाजों का शीर्ष दो स्थानों पर बने रहना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।