मुरादाबाद में मानसून की बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। थाना मझोला क्षेत्र के गागन वाली मैनाठेर गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े पांच लोग बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। एक ही गांव के पांच लोगों के हादसे का शिकार होने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बारिश से बचने के दौरान हुआ हादसा
बुधवार सुबह से हो रही बारिश के बीच गांव के किसान और मजदूर खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे। तेज बारिश शुरू होने पर गौशाला के पास काम कर रहे पांच लोग बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर सभी पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
दो की मौके पर मौत, तीन को हायर सेंटर भेजा गया
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 30 वर्षीय संतरात और 21 वर्षीय विनीता को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कामिनी, सपना और दिव्यांशी का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग गागन वाली मैनाठेर गांव के निवासी हैं। एक ही गांव के पांच लोगों के एक साथ हादसे का शिकार होने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।