बेंगलुरु में एक महिला ने डिलीवरी बॉय पर घर में जबरन घुसने और अभद्र हरकत करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट में दावा किया कि एक डिलीवरी बॉय पार्सल देने उसके घर आया था। इस दौरान उसने वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला के अनुसार, उसने कई बार मना किया और उसे किसी अन्य स्थान पर जाने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद वह बिना अनुमति घर के अंदर घुस गया।
महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद आरोपी ने उसके सामने खुद को एक्सपोज किया। घटना के बाद वह सदमे में है और अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रही है। महिला का कहना है कि घटना का एक हिस्सा उसके मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी हुआ है। उसने सोशल मीडिया के जरिए न्याय की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लिया और महिला से अतिरिक्त जानकारी व सबूत मांगे। जांच के दौरान मारतहल्ली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 75, 79 और 329(2) के तहत केस संख्या 345/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामथ के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।