उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में आधारभूत ढांचे, धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं से जुड़ी विकास परियोजनाओं के लिए करीब 28 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में मंदिरों का विकास, सड़क और पुल निर्माण, पुलिस आवास तथा छठ पूजा स्थल का निर्माण शामिल है।
पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और मार्ग निर्माण हेतु 97.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मूनाकोट विकासखंड के ग्राम भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सुंदरीकरण, सुरक्षा दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
खटीमा के ग्राम भूड महोलिया में चार बीघा भूमि पर छठ पूजा स्थल विकसित करने के लिए 2.70 करोड़ रुपये और केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय केदार श्री मद्ममहेश्वर धाम के विकास के लिए 54.81 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं के तहत पिथौरागढ़ में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में सूर्यनगर और शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गोला नदी पर 250 मीटर लंबे पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 2.46 करोड़ रुपये तथा हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र में अकबरपुर-खुंडेवाली-लोदीवाला-झबरेड़ा नगर पंचायत मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 66.68 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जनपद के थाना श्यामपुर में टाइप-3 श्रेणी के छह पुलिस आवासों के निर्माण के लिए 3.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, सड़क संपर्क बेहतर होगा, पुलिस आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और स्थानीय स्तर पर जनसुविधाओं का विस्तार होगा।