उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मानसून के दौरान शहर को जलभराव से मुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए और इसके लिए सभी विभाग समय रहते जरूरी तैयारियां पूरी करें।
गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, सेतु निगम, बिजली निगम और सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम अधिकारियों से नालों की सफाई की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी बड़े नालों की सफाई समय पर पूरी की जाए। उन्होंने विशेष रूप से गोड़धोइया नाला का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां निर्माण कार्य अधूरा है, वहां जलनिकासी के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, क्योंकि शहर के बड़े हिस्से का वर्षाजल इसी नाले के माध्यम से बाहर निकलता है।
नगर निगम अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बड़े नालों की सफाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। साथ ही जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।