लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र स्थित सीतापुर रोड की एक रिहायशी कॉलोनी में संचालित एक होटल को लेकर स्थानीय निवासियों ने चिंता जताई है। लोगों का आरोप है कि होटल के कारण कॉलोनी का माहौल प्रभावित हो रहा है और विशेषकर महिलाएँ व बेटियाँ खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, होटल के आसपास कुछ लोगों द्वारा सड़क पर खड़े होकर महिलाओं को घूरने, फब्तियाँ कसने और अभद्र व्यवहार करने जैसी घटनाएँ सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि इससे कॉलोनी के परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
निवासियों ने प्रशासन, पुलिस और संबंधित अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र की महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और कॉलोनी में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।