बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बड़ा ऐलान किया है। भागलपुर के कासिल गोराडीह में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को राज्य की 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सम्मान राशि भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका कहना था कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होंगी, तभी विकसित और समृद्ध बिहार का सपना साकार होगा।
लापरवाह अधिकारियों को सख्त चेतावनी
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्यभर में लगाए जा रहे सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक 5.5 लाख से अधिक जन शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जा चुका है। सीएम ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। अब भी सुधार नहीं करने वालों को अंतिम अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि तीसरा नोटिस मिलने के बाद भी कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों को भी दी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के जनप्रतिनिधियों से विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। क्षेत्रीय पर्यटन और धार्मिक स्थलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कहलगांव से बटेश्वर स्थान तक अत्याधुनिक रोपवे निर्माण की योजना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर भागलपुर सांसद अजय मंडल, कहलगांव विधायक शोभानंद मुकेश, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।