नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने यह फैसला इलाके में बने हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर लिया है।
NDMC की ओर से प्रतिष्ठान संचालकों और कब्जाधारकों से अपील की गई है कि वे जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम किसी भी संभावित अप्रिय घटना, जनहानि या संपत्ति के नुकसान को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
फोन के जरिए जारी किए गए निर्देश
सूत्रों के मुताबिक, NDMC अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ओर से कनॉट प्लेस क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को टेलीफोन के माध्यम से बंद रखने की सूचना दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय केवल सुरक्षा कारणों से लिया गया है।
केजरीवाल ने सरकार पर साधा निशाना
NDMC के आदेश के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को शाम 6:30 बजे तक बंद रखने का आदेश दिया गया है, पूरे इलाके में भारी सुरक्षा बल और बड़ी संख्या में एंबुलेंस तैनात हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ फिर से सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने अफवाहों से किया आगाह
इस बीच दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में लोगों से भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत अधिकारों के नियमित तिमाही नवीनीकरण को कुछ लोग गलत तरीके से मौजूदा विरोध प्रदर्शनों से जोड़कर पेश कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह प्रक्रिया पहले से निर्धारित प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है और इसका किसी भी प्रदर्शन या मौजूदा घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है। नागरिकों से केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर भरोसा करने और अफवाहों को साझा न करने की अपील की गई है।