बिहार के सिवान में NEET पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। संबंधित जवान सिवान एसपी की सुरक्षा टीम में तैनात था। घटना में तीन छात्रों को गोली लगने की सूचना है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जवान को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग करने वाले जवान की पहचान अभिषेक कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) में तैनात थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह सिवान के जेपी चौक पर AK-47 से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया।
बिहार बंद के दौरान हुआ था बवाल
25 जुलाई को NEET पेपर लीक के विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा बुलाए गए बिहार बंद के दौरान सिवान में प्रदर्शन हिंसक हो गया था। बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी गांधी मैदान में एकत्र हुए, जिसके बाद जुलूस जेपी चौक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प, पथराव और लाठीचार्ज की स्थिति बन गई। इसी दौरान AK-47 से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अब जांच की जा रही है कि जवान ने किन परिस्थितियों में हथियार का इस्तेमाल किया और क्या फायरिंग निर्धारित नियमों के अनुरूप थी।
एसपी भी हुए थे घायल
प्रदर्शन के दौरान जेपी चौक के पास प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव में सिवान के पुलिस अधीक्षक पी. झा भी घायल हो गए थे। उनके पैर में चोट आई थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।