लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। शोर-शराबे के बीच वे अपना संबोधन पूरा नहीं कर सके। इसके बाद राहुल गांधी ने घोषणा की कि वे शाम 6 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और उन सभी मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे, जिन्हें उनके अनुसार सदन में उठाने नहीं दिया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि संसद में अपने भाषण के दौरान उन्होंने दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता का मुद्दा उठाया और इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें अपनी बात पूरी नहीं रखने दी गई। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “आज संसद में मेरे भाषण के दौरान मैंने दिल्ली में छात्रों पर हुई बर्बरता का मुद्दा उठाया और इसके ज़िम्मेदार का नाम लिया—गृह मंत्री अमित शाह। मुझे BJP ने बोलने नहीं दिया। आज शाम 6 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा और वो सब कहूंगा जो सदन में कहने नहीं दिया गया।”
अपने पोस्ट के अंत में राहुल गांधी ने लिखा, “माइक बंद कर सकते हैं, छात्रों की गूंज नहीं। राहुल गांधी की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस पर अब सभी की नजरें टिकी हैं, जहां उनके संसद में लगाए गए आरोपों और अन्य मुद्दों पर विस्तार से प्रतिक्रिया देने की संभावना है।