नई दिल्ली: भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने घोषणा की है कि पांच बार की फीफा विश्व चैंपियन ब्राजील की सीनियर पुरुष फुटबॉल टीम इस साल भारत दौरे पर आएगी। ब्राजील की टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता के प्रतिष्ठित साल्ट लेक स्टेडियम (विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन) में भारतीय टीम के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी। यह पहला अवसर होगा जब ब्राजील की सीनियर राष्ट्रीय टीम आधिकारिक तौर पर भारत में मैदान पर उतरेगी।
भारतीय फुटबॉल के लिए ऐतिहासिक अवसर
AIFF के मुताबिक, यह मुकाबला भारतीय फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों में से एक माना जा रहा है। 1992 में फीफा विश्व रैंकिंग प्रणाली लागू होने के बाद भारत पहली बार इतनी ऊंची रैंकिंग वाली टीम का सामना करेगा। मौजूदा समय में ब्राजील फीफा रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है और विश्व फुटबॉल की सबसे सफल राष्ट्रीय टीमों में शामिल है।
कोलकाता बनेगा फुटबॉल महाकुंभ का गवाह
3 अक्टूबर को होने वाला यह मुकाबला कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसे भारतीय फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित मैदान माना जाता है। उम्मीद की जा रही है कि देशभर से हजारों फुटबॉल प्रेमी इस ऐतिहासिक मैच के साक्षी बनने पहुंचेंगे।
AIFF ने जताई खुशी
AIFF के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यनारायण ने कहा कि ब्राजील जैसी दिग्गज टीम की मेजबानी करना भारतीय फुटबॉल के लिए गर्व का क्षण है। उनके अनुसार, यह मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों और प्रशंसकों दोनों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।
वहीं, राष्ट्रीय टीमों के निदेशक और पूर्व गोलकीपर सुब्रत पॉल ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक के खिलाफ खेलने का अवसर मिलना उनके विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मुकाबले खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास देते हैं और भविष्य के लिए प्रेरित करते हैं।
ब्राजील फुटबॉल परिसंघ ने भी की पुष्टि
ब्राजील फुटबॉल परिसंघ (CBF) ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दौरे की आधिकारिक घोषणा की। CBF ने भारत को ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रशंसक समूहों में से एक बताया और कहा कि भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के बीच खेलने को लेकर पूरी टीम उत्साहित है।
CBF ने अपने बयान में कहा कि 3 अक्टूबर को ब्राजील की राष्ट्रीय टीम पहली बार भारतीय धरती पर आधिकारिक मैच खेलेगी। संगठन ने इसे दोनों देशों के फुटबॉल संबंधों के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि भारतीय प्रशंसकों के बीच ब्राजील फुटबॉल के प्रति वर्षों से जो जुनून रहा है, उसे करीब से महसूस करने का यह विशेष मौका होगा।