नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक दर्दनाक हादसे में चार साल के मासूम की ट्यूबवेल की पानी की टंकी में गिरने से मौत हो गई। यह घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सेक्टर-123 स्थित पार्थला गोलचक्कर के पास हुई। बताया जा रहा है कि बच्चा पानी पीने गया था, तभी अचानक फिसलकर पानी से भरे गड्ढे/टंकी में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
मजदूर परिवार का था मासूम
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान फिरोज आलम उर्फ गोलू (4) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ नोएडा के सेक्टर-123 स्थित झुग्गी बस्ती में रहता था। उसके पिता मुराजुद्दीन नोएडा में मजदूरी करते हैं।
नोएडा प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद परिजनों ने नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्यूबवेल की टंकी और आसपास के पानी से भरे गड्ढे के पास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और मौके पर प्राधिकरण का कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहीं चूक तो नहीं हुई।
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
गौरतलब है कि 25 जुलाई को भी ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में इसी तरह की लापरवाही सामने आई थी। वहां प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था, जिसमें खेलते समय छह वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने खुले गड्ढों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।