श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। BCCI की मेडिकल टीम ने उनकी फिटनेस को देखते हुए उन्हें आराम देने का फैसला किया है, ताकि जल्दबाजी में वापसी से उनकी चोट और गंभीर न हो जाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुमराह अभी तक T20 वर्ल्ड कप के दौरान बाएं घुटने में लगी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इंग्लैंड दौरे पर 16 जुलाई को कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान फील्डिंग करते समय उनके घुटने में फिर से तकलीफ हुई थी। इसके बाद वह लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में भी नहीं उतरे और तब से गेंदबाजी नहीं कर पाए हैं।
BCCI ने अपनाया सतर्क रुख
इंग्लैंड दौरे के बाद बुमराह ने बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में इलाज कराया, घुटने में इंजेक्शन लिया और फिटनेस टेस्ट भी दिया। मेडिकल टीम का मानना है कि अगर वह अभी गेंदबाजी शुरू करते हैं तो चोट दोबारा उभर सकती है और उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका दौरे से बाहर रखने का फैसला लिया गया है।
टीम इंडिया की बढ़ीं मुश्किलें
बुमराह के बाहर होने से भारतीय टीम की परेशानी और बढ़ गई है। पहले से ही हर्षित राणा (हैमस्ट्रिंग), नीतीश कुमार रेड्डी (क्वाड्रिसेप्स), वॉशिंगटन सुंदर (हैमस्ट्रिंग) और आकाश दीप (पीठ की चोट) चोट के चलते टीम से बाहर हैं। लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने पर कप्तान शुभमन गिल भी चिंता जता चुके हैं और इसे टीम के लिए बड़ी चुनौती बताया था।
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, बी साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।