इंडोनेशिया में रविवार सुबह एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। पूर्वी जावा के सुराबाया से साउथ सुलावेसी के मकासर जा रही यात्री फेरी ‘मुतियारा संतोसा 2’ में अचानक आग लग गई। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 41 यात्री लापता बताए जा रहे हैं। फेरी में कुल 271 लोग सवार थे। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी बासारनास के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही फेरी के कप्तान ने इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। आग फैलते ही जहाज में अफरा-तफरी मच गई और यात्री जान बचाने के लिए चीख-पुकार करने लगे।
बासारनास द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में मदुरा द्वीप के पास समुद्र में जहाज से घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है। मदुरा द्वीप, जावा के उत्तर-पूर्वी तट के समीप स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही कई रेस्क्यू बोट, कोस्ट गार्ड के जहाज और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव अभियान के दौरान कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि लापता 41 लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। फिलहाल, अधिकारियों ने आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।