अफगानिस्तान ने पांच मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में आयरलैंड को 3 विकेट से हराकर ODI वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि दूसरे और तीसरे वनडे में अफगानिस्तान ने लगातार जीत दर्ज की। अफगानिस्तान की इस जीत में कप्तान राशिद खान ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभाई। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आयरलैंड 206 रन पर ऑलआउट
टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एंड्र्यू बालबर्नी महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद पॉल स्टर्लिंग और केड कारमाइकल ने पारी को संभालने की कोशिश की। कारमाइकल ने 52 गेंदों पर 32 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद आयरलैंड की टीम मुश्किल में नजर आई। हालांकि, निचले क्रम में जय मूंद्रा और गेविन हॉ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नौवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की और टीम को 200 के पार पहुंचाया। आयरलैंड की पूरी टीम 206 रन पर ऑलआउट हो गई। जय मूंद्रा ने 31 और गेविन हॉ ने 36 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान और एम. गजनफर ने तीन-तीन विकेट झटके।
गुरबाज और राशिद ने दिलाई अफगानिस्तान को जीत
207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। जादरान 12 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सेदिकुल्लाह अटल ने 27 और हश्मतुल्लाह शहीदी ने 22 रन बनाए। एक समय अफगानिस्तान का स्कोर 149 रन पर 5 विकेट हो गया था और टीम मुश्किल में दिखाई दे रही थी। इसके बाद राशिद खान ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 43 गेंदों पर 37 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल रहे। उनकी पारी ने अफगानिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 71 रन की शानदार पारी खेली और टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए। आयरलैंड के लिए गेविन हॉ ने चार विकेट हासिल किए। अफगानिस्तान ने 44.5 ओवर में 7 विकेट खोकर 207 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने सीरीज पर कब्जा जमाने के साथ 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अपनी जगह भी पक्की कर ली।