पटना/दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उनके सामने रखा। इस दौरान उन्होंने घनश्यामपुर प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना और अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों में डॉक्टरों समेत स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की मांग की।
घनश्यामपुर में डिग्री कॉलेज की मांग
मैथिली ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि घनश्यामपुर प्रखंड में फिलहाल कोई डिग्री कॉलेज नहीं है। इसके चलते छात्र-छात्राओं को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि दूर जाकर पढ़ाई करने का खर्च आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। छात्राओं के लिए आवागमन और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियां भी सामने आती हैं। ऐसे में कई विद्यार्थी आर्थिक और सामाजिक कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री से घनश्यामपुर में सरकारी डिग्री महाविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक बजटीय प्रावधान करने की मांग की, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख न करना पड़े।
अस्पतालों में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी का मुद्दा
मैथिली ठाकुर ने अलीनगर विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने उठाया। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घनश्यामपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तारडीह और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कैथवार, कुर्सों नादियामी व पुतई में चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के कई पद लंबे समय से खाली हैं या जरूरत के मुताबिक पर्याप्त संख्या में कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने डॉक्टरों के अलावा जीएनएम, एएनएम, स्टाफ नर्स, ड्रेसर और फार्मासिस्ट की कमी को भी दूर करने की मांग की। विधायक ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों की कमी का सीधा असर ग्रामीण आबादी पर पड़ रहा है। खासकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में परेशानी होती है।
तीनों प्रखंडों में स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की मांग
मैथिली ठाकुर ने मुख्यमंत्री से अलीनगर, तारडीह और घनश्यामपुर तीनों प्रखंडों के अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्ति कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से रखना उनकी जिम्मेदारी है।
मुलाकात के दौरान कम दिखी मुस्कान, विधायक ने बताई वजह
मुख्यमंत्री से मुलाकात की तस्वीरों में मैथिली ठाकुर सामान्य दिनों की तुलना में कम मुस्कुराती नजर आईं। इस पर उन्होंने खुद इसकी वजह बताई। मैथिली ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात से पहले उन्होंने अपने दांतों का इलाज कराया था। दांत में दर्द के कारण वह ठीक से मुस्कुरा नहीं पा रही थीं। उन्होंने कहा कि चेहरे पर मुस्कान कम दिखने की यही वजह थी।