मुंबई| महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बुधवार तड़के भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। कुर्ला (पश्चिम) के चिराग नगर स्थित गौसिया चॉल पर पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे कई मकान मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ, बीएमसी और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। घायलों को तत्काल नजदीकी भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विक्टिम-डिटेक्शन कैमरों से हो रही तलाश
बचाव अभियान में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। मलबे के नीचे दबे लोगों का पता लगाने के लिए विशेष विक्टिम-डिटेक्शन कैमरों की मदद ली जा रही है। अधिकारी लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं।
DCP बोले- कई टीमें मौके पर तैनात
डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि लगातार बारिश के कारण इलाके में भूस्खलन हुआ। हादसे के बाद सभी जरूरी एजेंसियों को मौके पर तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, हादसे के समय 6 से 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका थी। फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, एनडीआरएफ और बीएमसी के कर्मचारी संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटे हैं। घायलों में कुछ बच्चों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
बारिश बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पहाड़ी की मिट्टी कमजोर हो गई, जिसके बाद उसका एक हिस्सा गौसिया चॉल पर आ गिरा। प्रशासन पूरे इलाके की निगरानी कर रहा है और हालात पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही नुकसान और हताहतों की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।