शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला किया गया। यह घटना एक गुरुद्वारा परिसर में हुई, जहां एक निहंग सिख ने कथित तौर पर कृपाण से उन पर हमला कर दिया। हमले में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट आई है। घटना के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपी हिरासत में, इलाज जारी
पुलिस ने हमले के आरोपी निहंग को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद घायल सुखबीर सिंह बादल को नांदेड़ के यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई व्यक्तिगत विवाद था या कोई अन्य वजह। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।