गया। बिहार के गया जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की जान चली गई। घटना डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव की है, जहां एक पुराने कुएं में मोटर की मरम्मत के दौरान यह हादसा हुआ। प्रारंभिक आशंका है कि कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों की मौत हुई।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक व्यक्ति मोटर ठीक करने के लिए कुएं में उतरा था। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह मदद के लिए संघर्ष करने लगा। पिता को संकट में देख उनका बेटा भी उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गया।
इसके बाद दो अन्य ग्रामीण भी दोनों को बाहर निकालने के प्रयास में कुएं में पहुंचे, लेकिन वे भी अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों की हालत गंभीर हो गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 45 मिनट तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद चारों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान हालात इतने चुनौतीपूर्ण थे कि कुएं के भीतर मौजूद गैस का असर बचाव दल पर भी पड़ा। जानकारी के मुताबिक, फायर ब्रिगेड के कुछ कर्मियों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालात को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
मृतकों की पहचान विजय चौधरी, विकास चौधरी, दिलचंद मांझी और चमारी मांझी के रूप में हुई है। इनमें विजय चौधरी और विकास चौधरी पिता-पुत्र थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।