लखनऊ: उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज शुक्रवार से होने जा रहा है। राजधानी लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। पहले मुकाबले में गत विजेता काशी रुद्रास का सामना पिछले सीजन की उपविजेता मेरठ मावरिक्स से होगा।
उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए संगीत, ड्रोन शो और लाइट शो का विशेष आयोजन किया गया है। समारोह में प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन और पंजाबी पॉप स्टार जैस्मीन सैंडलस अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
34 मुकाबलों में दिखेगा रोमांच
सीजन-4 में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। पूरे टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित होगा, जबकि दूसरा चरण, जिसमें प्लेऑफ और फाइनल शामिल हैं, 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को होगा।
150 देशों में होगा प्रसारण
आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 2 पर किया जाएगा। इसके साथ ही लीग का प्रसारण दुनिया के करीब 150 देशों में भी होगा, जिससे प्रदेश की इस घरेलू टी-20 प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक दर्शक मिलेंगे।
‘स्पीड हंट’ से मिली नई प्रतिभाओं को मंच
टूर्नामेंट से पहले आयोजित कैप्टंस मीट में यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने ‘स्पीड हंट’ पहल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के ऐसे तेज गेंदबाजों को तलाशना था, जिन्हें संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि बिना किसी ट्रायल फीस के पूरे प्रदेश में प्रतिभाओं की खोज की गई। इसी अभियान से सामने आए एक युवा तेज गेंदबाज ने ट्रायल के दौरान 144 से 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सभी का ध्यान खींचा। बाद में नीलामी में उसकी 2.50 लाख रुपये की बेस प्राइस बढ़कर 21.50 लाख रुपये तक पहुंच गई, जिसे इस पहल की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
आयोजकों का मानना है कि इस बार का सीजन प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की नई क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।