रांची: झारखंड में सिल्ली और मुरी के बीच बोकारो रेलखंड पर देर रात बड़ा रेल हादसा टल गया। मधुपुर जा रही श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (08895) की एक बोगी अचानक पटरी से उतर गई। घटना के बाद ट्रेन में सवार कांवरियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
तड़के 2:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन करीब रात 2:30 बजे अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान पोल संख्या 354/SA4 के पास इंजन से तीसरी बोगी अचानक रेलवे ट्रैक से उतर गई। बोगी के बेपटरी होते ही ट्रेन में मौजूद यात्रियों को झटका लगा और कुछ समय के लिए वहां हड़कंप की स्थिति बन गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। हटिया मंडल के डीआरएम अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ जीआरपी और आरपीएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया।
बोगी को ट्रैक पर लाया गया
रेलवे कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बेपटरी हुई बोगी को दोबारा ट्रैक पर लाया और उसे मुरी यार्ड में खड़ा कर दिया। इसके बाद प्रभावित रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू किया गया।
रेलवे की ओर से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर आगे की यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई। सभी कांवरियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव
हादसे के बाद ट्रैक पर राहत और मरम्मत का काम चलने के कारण कुछ ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा और कुछ के मार्ग में बदलाव करना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से काम करते हुए ट्रैक को दोबारा परिचालन के लिए तैयार किया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5:15 बजे बोकारो रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही फिर से सामान्य कर दी गई। फिलहाल रेलवे की ओर से घटना के तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है।