उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन का आगाज बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को मेरठ मावेरिक्स ने डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास को एक विकेट से शिकस्त दी। मैच का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ, जहां मेरठ ने 119 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की.
मेरठ की इस यादगार जीत के हीरो रहे यश गर्ग। उन्होंने पहले गेंद से काशी के बल्लेबाजों को परेशान करते हुए 4 विकेट हासिल किए और फिर बेहद दबाव वाले हालात में बल्ले से भी शानदार पारी खेली। गर्ग ने सिर्फ 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाकर अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
आखिरी ओवर में यश गर्ग का तूफान
मेरठ को अंतिम छह गेंदों पर जीत के लिए 19 रन चाहिए थे और टीम के पास सिर्फ एक विकेट बचा था। ऐसे समय में यश गर्ग ने कमाल कर दिया। उन्होंने ओवर की शुरुआती गेंदों पर लगातार बड़े शॉट लगाकर मुकाबले का रुख बदल दिया।
जब मेरठ को दो गेंदों पर सात रन की जरूरत थी, तब गर्ग ने एक और शानदार छक्का जड़ दिया। इसके बाद आखिरी गेंद पर उन्होंने संयम दिखाते हुए एक रन पूरा किया और मेरठ को अविश्वसनीय जीत दिला दी।
118 रन पर ढेर हुई काशी रुद्रास
इससे पहले टॉस जीतकर मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। काशी की ओर से अभिषेक गोस्वामी ने 32 गेंदों में 42 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
यश गर्ग ने काशी के कप्तान करण शर्मा का विकेट लेकर टीम को अहम सफलता दिलाई। इसके बाद मेरठ के स्पिनर जीशान अंसारी ने 3 विकेट और विशाल चौधरी ने 2 विकेट लेकर काशी के मध्यक्रम को टिकने नहीं दिया। यश गर्ग ने 4 ओवर में 19 रन देकर चार विकेट झटके। इसके साथ ही उन्होंने यूपी टी20 में अपने 50 विकेट भी पूरे कर लिए।
मेरठ की शानदार गेंदबाजी के सामने काशी रुद्रास की पूरी टीम 20 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
मेरठ की शुरुआत भी रही खराब
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। स्वास्तिक चिकारा को वैभव चौधरी ने जल्दी पवेलियन भेज दिया। काशी के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और 10 ओवर के बाद मेरठ का स्कोर चार विकेट पर सिर्फ 47 रन था।
इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह और दिव्यांश राजपूत ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 36 रन जोड़कर मेरठ की उम्मीदें जिंदा रखीं। रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि दिव्यांश राजपूत ने 24 गेंदों में 26 रनों की पारी खेली।
हालांकि कार्तिक यादव ने रिंकू सिंह और संदीप तोमर को जल्दी आउट कर मेरठ पर फिर दबाव बना दिया।
काशी की जीत लगभग तय थी, फिर बदला मैच
अंतिम तीन ओवरों में मेरठ को 26 रन चाहिए थे। काशी के गेंदबाज अटल बिहारी विपिन राय ने लगातार गेंदों पर दिव्यांश राजपूत और जीशान अंसारी को आउट कर मेरठ की मुश्किलें और बढ़ा दीं। विपिन राय ने चार विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की और यूपी टी20 इतिहास में 54 विकेट के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए।
एक समय ऐसा लग रहा था कि काशी रुद्रास मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लेगी। लेकिन आखिरी ओवर में यश गर्ग ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने पूरा मैच ही पलट दिया। उनके साहसिक शॉट्स और आखिरी गेंद पर लिया गया समझदारी भरा रन मेरठ को सीजन की पहली और बेहद यादगार जीत दिलाने के लिए काफी साबित हुआ।