लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। सोमवार को खेले गए मैच में लखनऊ फाल्कन्स ने नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। 137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम ने 19.2 ओवर में सात विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम किया।
लखनऊ की जीत में गेंदबाज अभिनंदन सिंह और बल्लेबाज आराध्य यादव का अहम योगदान रहा। अभिनंदन ने चार विकेट चटकाए, जबकि आराध्य यादव ने दबाव के बीच 51 रन की शानदार पारी खेली। मुश्किल स्थिति में समीर चौधरी ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
नोएडा की शुरुआत के बाद आया विकेटों का तूफान
टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नोएडा किंग्स ने शुरुआती ओवरों में 34 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद उसकी पारी बिखर गई।
नवनीत कुमार ने चौथे ओवर में शोएब सिद्दीकी को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने एक ही ओवर में दो बल्लेबाजों को बोल्ड कर नोएडा की मुश्किलें बढ़ा दीं। प्रियम गर्ग की शानदार फील्डिंग ने भी टीम को एक अहम सफलता दिलाई।पावरप्ले खत्म होने तक नोएडा किंग्स 48 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी।
बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने संभाली पारी
लगातार विकेट गिरने के बाद शिवा सिंह ने पारी को संभालने की कोशिश की। उन्होंने विप्रज निगम के एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर नोएडा की उम्मीदें जगाईं, लेकिन अगले ही ओवर में नवनीत कुमार ने उन्हें आउट कर दिया।
इसके बाद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 49 रन जोड़कर नोएडा को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सिद्धू ने 23 और बॉबी ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली।
भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में सिद्धू को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने अंतिम ओवर में दो और विकेट झटके। नोएडा की टीम 19.5 ओवर में 136 रन पर ऑलआउट हो गई। अभिनंदन ने चार विकेट लेकर लखनऊ की गेंदबाजी को मजबूती दी।
लखनऊ की शुरुआत भी नहीं रही आसान
137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स ने 41 रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए। नोएडा के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने मोहम्मद सैफ को आउट कर सीजन का अपना पहला विकेट हासिल किया।
इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज आराध्य यादव ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और धीरे-धीरे लखनऊ को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। आराध्य ने 42 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे।
शुभम गौतम ने फिर मचाई हलचल
लखनऊ की पारी जब जीत की ओर बढ़ रही थी, तभी शुभम गौतम ने 16वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर मुकाबले में फिर जान डाल दी। उन्होंने पहले आराध्य यादव को आउट किया और फिर इम्पैक्ट प्लेयर अली जफर मोहसिन को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।
उस समय लखनऊ का स्कोर छह विकेट पर 108 रन था और टीम को 24 गेंदों में 29 रन चाहिए थे। ऐसे दबाव में समीर चौधरी ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने 19 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाए और टीम को लक्ष्य के पार पहुंचाया।
लखनऊ ने 19.2 ओवर में सात विकेट पर 140 रन बनाकर तीन विकेट से जीत दर्ज कर ली। समीर चौधरी ने 20वें ओवर में विजयी रन बनाकर मुकाबला खत्म किया। अभिनंदन सिंह को उनके चार विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
स्पीड हंट से सामने आए शुभम ने छोड़ी छाप
हार के बावजूद नोएडा किंग्स के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। यूपीसीए के ‘स्पीड हंट’ कार्यक्रम से सामने आए शुभम को नीलामी में 21.50 लाख रुपये में खरीदा गया था। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।