हादसा मंगलवार सुबह नाना-मामबेरे क्षेत्र के अब्बा इलाके में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू किया गया।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
हादसे में बचने वाले एक खनिक फ्लोरियन गागुएंडे ने बताया कि राहतकर्मी मलबे के नीचे दबे लोगों को तलाशने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि समय बीतने के साथ फंसे हुए खनिकों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है।
स्थानीय उप-क्षेत्र के डिप्टी मेयर सुलेमान बी के मुताबिक, बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कई घंटे तक अभियान चलाकर खदान से करीब 30 शव बाहर निकाले हैं। वहीं घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बचाव अभियान में जुटे राहत दल
अधिकारियों का कहना है कि खदान के भीतर अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। ऐसे में राहत और बचाव टीम मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश कर रही है। मौके पर स्थानीय लोग भी बचावकर्मियों की मदद में जुटे हैं।
अधिकारियों ने बताया भयावह हादसा
स्थानीय प्रशासन ने घटना को बेहद गंभीर और भयावह बताया है। डिप्टी मेयर ने राहत कार्यों के लिए अन्य संगठनों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि मलबे में फंसे लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
सरकार की ओर से भी हादसे पर दुख जताया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।