ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में बड़ा समुद्री हादसा हुआ है। पनामा के झंडे वाला कार्गो शिप MV Ocean Winner शनिवार को समुद्र में डूब गया। जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें 20 चीनी, 3 म्यांमार और 1 बांग्लादेशी नागरिक शामिल था। हादसे के बाद अब तक दो लोगों को लाइफ राफ्ट से सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी 22 लोगों की तलाश जारी है।
पारादीप से सिंगापुर जा रहा था जहाज
जानकारी के मुताबिक, MV Ocean Winner ने 20 अगस्त की रात करीब 10:42 बजे ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से रवाना हुआ था। जहाज पर ओडिशा से लोड किया गया करीब 72,100 मीट्रिक टन आयरन ओर फाइन्स था और इसे सिंगापुर जाना था।
22 अगस्त को जहाज से संपर्क टूटने की सूचना मिलने के बाद समुद्री बचाव एजेंसियों को अलर्ट किया गया। इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल ने आसपास मौजूद दूसरे जहाजों को भी तलाश अभियान में मदद के लिए लगाया।
दो क्रू मेंबर लाइफ राफ्ट से मिले
सर्च ऑपरेशन के दौरान पास से गुजर रहे MT Aisopos को भी MV Ocean Winner की तलाश में लगाया गया। इस जहाज ने करीब रात 8 बजे दो अलग-अलग लाइफ राफ्ट से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।
इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। तटरक्षक बल के ICGS Varad और ICGS Anmol को मौके पर भेजा गया है, जबकि ICGS Vijit को भी अभियान में शामिल किया गया है। आसपास से गुजर रहे अन्य जहाजों को भी अलर्ट किया गया है।
कैसे डूबा जहाज? वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल जहाज के डूबने की असली वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों के मुताबिक, पहले जहाज से संपर्क टूट गया था और इसके बाद वह समुद्री ट्रैकिंग सिस्टम से भी गायब हो गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
रेस्क्यू टीम का फिलहाल सबसे बड़ा फोकस लापता 22 क्रू मेंबर्स का पता लगाना और उन्हें सुरक्षित निकालना है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।