मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणपति प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बलराम मर्चेंट रोड पर ‘भुलेश्वरचा राजा’ की करीब 22 फीट ऊंची प्रतिमा अचानक नीचे गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
बोल्ट में खराबी के बाद गिरी प्रतिमा
जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 10 बजे जय अंबे चौक के पास हुआ। गणेश प्रतिमा के आगमन को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रतिमा को संभालने वाले सिस्टम के एक बोल्ट में खराबी आ गई और देखते ही देखते प्रतिमा नीचे गिर गई। प्रतिमा गिरने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग इसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दो लोगों की मौत, बच्चों समेत 5 घायल
हादसे में गंभीर रूप से घायल संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), कुणाल काशिद (26) और दो बच्चियां लावण्या गणेर (5) और दिव्या गणेर (7) शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बोल्ट में खराबी को प्रतिमा गिरने की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
गणेशोत्सव से पहले सुरक्षा पर सवाल
मुंबई में गणेशोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाता है और इस दौरान प्रतिमाओं के आगमन से लेकर विसर्जन तक कई बड़े जुलूस निकलते हैं। ऐसे में भुलेश्वर की घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन अब जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।