दिल्ली में पैलेट गन से घायल साहिल लोचव की FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर राहुल गांधी के धरने पर अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष के नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक ड्रामा बताया है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े विवाद से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
करीब 8 घंटे चला राहुल गांधी का धरना
दरअसल, जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचव की शिकायत पर FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे थे। पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद भी FIR दर्ज नहीं होने पर राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके साथ साहिल लोचव और उनके परिवार के लोग भी मौजूद रहे। बाद में प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेता भी वहां पहुंचे। करीब 8 घंटे चले धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने साहिल लोचव की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। इसके बाद राहुल गांधी ने धरना खत्म किया।
चिराग पासवान ने साधा राहुल पर निशाना
राहुल गांधी के इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि संविधान हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से धरना और प्रदर्शन करने का अधिकार देता है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने प्रदर्शन के जरिए देश के दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। चिराग पासवान ने कहा कि इस समय कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े विवाद को लेकर सवालों के घेरे में है। उनके मुताबिक, इसी वजह से राहुल गांधी का यह धरना राजनीतिक तौर पर ध्यान भटकाने की कोशिश नजर आता है। उन्होंने कांग्रेस पर सदन की कार्यवाही प्रभावित करने का भी आरोप लगाया और कहा कि महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा के बजाय एक ही विषय को लगातार राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है।
जेपी नड्डा भी कर चुके हैं हमला
इससे पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी राहुल गांधी के धरने पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन न तो छात्रों के लिए है और न ही न्याय की लड़ाई के लिए। नड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस ‘वंदे मातरम्’ विवाद को लेकर सवालों से घिरी हुई है और इसी से ध्यान हटाने के लिए राहुल गांधी ने थाने के बाहर धरना दिया।
FIR दर्ज होने के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
फिलहाल इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस ने साहिल लोचव की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, राहुल गांधी के धरने को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव बढ़ गया है। कांग्रेस जहां इसे घायल युवक को न्याय दिलाने की लड़ाई बता रही है, वहीं बीजेपी और उसके सहयोगी दल इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं।