नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इस साल अब तक दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,392 मामले सामने आए हैं, जिनमें 1,777 मामले H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अस्पतालों और स्वास्थ्य अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
अस्पतालों को अलर्ट, इलाज की व्यवस्था का दावा
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि अस्पतालों में डॉक्टर, बेड और जरूरी दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था है। मरीजों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, अकेले गुरुवार को H1N1 के 114 नए मामले सामने आए। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
सरकार ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी
दिल्ली सरकार की ओर से जारी स्वास्थ्य परामर्श में लोगों को श्वसन संबंधी स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। लोगों से कहा गया है कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढककर रखें और नियमित रूप से साबुन-पानी से हाथ धोएं। भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने और फ्लू जैसे लक्षण वाले लोगों के संपर्क में आने से बचने की सलाह भी दी गई है। इसके अलावा आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचने तथा सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने को कहा गया है।
बुखार-खांसी को हल्के में न लें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, शरीर में दर्द या सिरदर्द जैसे लक्षण नजर आने पर लापरवाही न बरतें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेने की बात कही गई है। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि बिना चिकित्सकीय सलाह के खुद से दवाएं लेने से बचें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेते रहें।