रंगपुर| बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में रिटायर्ड स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी, 23 वर्षीय बेटी और 12 साल का बेटा शामिल है। चारों के शव शनिवार रात दशपाड़ा (मच्छुआपाड़ा) इलाके स्थित उनके बंद घर से बरामद किए गए। घटना के बाद पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार से परिवार से नहीं हो रहा था संपर्क
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार के सदस्यों से गुरुवार रात के बाद संपर्क नहीं हो पा रहा था। उनके मोबाइल फोन भी बंद थे। शनिवार रात जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला और घर की लाइटें भी बंद थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। इसके बाद घर के अलग-अलग हिस्सों से चारों के शव बरामद किए गए।
रिटायर्ड शिक्षक समेत परिवार के चार लोगों की मौत
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, 50 वर्षीय प्रीतिलता चक्रवर्ती, 23 वर्षीय अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय प्रियम चक्रवर्ती के तौर पर हुई है। गणपति चक्रवर्ती पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथी का काम कर रहे थे। उनकी बेटी अगामी ने इसी साल अंग्रेजी विषय में मास्टर डिग्री पूरी की थी, जबकि बेटा प्रियम कक्षा 5 में पढ़ता था।
घर के अलग-अलग हिस्सों में मिले शव
पुलिस के मुताबिक, परिवार के चारों सदस्यों के शव घर के अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए। मां और बेटी के शव सीढ़ियों के पास मिले, जबकि गणपति का शव छत से बरामद किया गया। वहीं उनके 12 वर्षीय बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला। इस अलग-अलग जगहों पर शव मिलने से पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
CID और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के अधिकारी के मुताबिक, मामले की जांच पुलिस के अलावा क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और डिटेक्टिव ब्रांच (DB) भी कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चारों की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई। मौत की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों का कहना है कि गणपति चक्रवर्ती का किसी से विवाद या दुश्मनी नहीं थी। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।