कोटा| राजस्थान के कोटा में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। छात्रा की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी खुशबू पटेल के रूप में हुई है। वह अपनी छोटी बहन के साथ लैंडमार्क सिटी इलाके में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उसकी बहन ने आसपास के लोगों और अपनी सहेली को सूचना दी। इसके बाद दरवाजा खुलवाया गया, जहां खुशबू पंखे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल एमबीएस अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
2023 से कोटा में रहकर कर रही थी पढ़ाई
पुलिस के मुताबिक, खुशबू और उसकी छोटी बहन वर्ष 2023 से कोटा में रह रही थीं। खुशबू NEET की तैयारी कर रही थी, जबकि उसकी छोटी बहन JEE की पढ़ाई कर रही है। दोनों ने जुलाई में ही लैंडमार्क सिटी इलाके में किराए पर फ्लैट लिया था। मंगलवार शाम छोटी बहन कोचिंग से वापस लौटी थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने के बाद उसने अपनी सहेली और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। घटना की जानकारी छात्रा के परिवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर में दे दी गई है। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस छात्रा की पढ़ाई, हालिया परिस्थितियों और अन्य संबंधित पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।