लखनऊ, 26 अगस्त 2026। यूपी टी-20 लीग 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास का खराब दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। टूर्नामेंट के 22वें मुकाबले में नोएडा किंग्स ने काशी रुद्रास को पांच विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ काशी की टीम को लगातार चौथे मैच में शिकस्त मिली, जबकि नोएडा किंग्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नोएडा किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा के गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए काशी रुद्रास की पूरी टीम को महज 89 रन पर समेट दिया। नोएडा की ओर से कार्तिक सिद्धू सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वंश ने दो और शिवा सिंह ने दो विकेट झटके। वहीं प्रशांत वीर, नमन तिवारी और कुणाल त्यागी को एक-एक सफलता मिली। नोएडा के सभी छह गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट हासिल किया। टीम ने इस दौरान चार मेडन ओवर भी डाले।
90 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाया नोएडा
90 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद आदित्य शर्मा ने 14 गेंदों पर 17 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि काशी के गेंदबाजों ने नोएडा पर लगातार दबाव बनाए रखा। 9.3 ओवर तक नोएडा का स्कोर 53 रन पर चार विकेट हो चुका था। ऋषभ राजपूत, संगम सिंह, विजय यादव और काशी के कप्तान करण शर्मा ने नोएडा के बल्लेबाजों को परेशान किया।
रवि सिंह ने संभाला मोर्चा
मुश्किल स्थिति में इम्पैक्ट प्लेयर रवि सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 13 गेंदों में 19 रन की उपयोगी पारी खेलकर नोएडा की जीत की उम्मीदों को मजबूत किया। हालांकि इसके बाद करण शर्मा ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। इसके बाद अनिवेश चौधरी ने एक छोर संभालकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए। मैच को खत्म करने के लिए अनिवेश ने छक्का लगाया और नोएडा किंग्स ने 14.1 ओवर में पांच विकेट खोकर 92 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
लखनऊ चरण का हुआ समापन
नोएडा किंग्स और काशी रुद्रास के बीच हुआ यह मुकाबला यूपी टी-20 लीग के लखनऊ चरण का आखिरी मैच था। अब टूर्नामेंट का अगला चरण कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। कानपुर चरण की शुरुआत 28 अगस्त से होगी और मुकाबले 6 सितंबर तक चलेंगे। यहां टूर्नामेंट का पहला मुकाबला नोएडा किंग्स और काशी रुद्रास के बीच ही खेला जाएगा। लगातार चार हार से परेशान डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास की नजरें अब कानपुर में जीत के साथ वापसी करने पर होंगी।
DGP राजीव कृष्ण ने किया मुकाबले का उद्घाटन
मैच से पहले उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण (IPS) ने टॉस कराकर मुकाबले का औपचारिक उद्घाटन किया और पारंपरिक घंटी बजाने की रस्म भी निभाई। उन्होंने यूपी टी-20 लीग की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध करा रही है और प्रदेश में क्रिकेट को नई ऊर्जा दे रही है। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने भी लीग के उद्देश्य पर जोर देते हुए कहा कि प्रतियोगिता का मकसद खिलाड़ियों को मजबूत और प्रतिस्पर्धी माहौल देना है, ताकि वे अपनी अलग पहचान बना सकें। इस अवसर पर यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह और यूपीसीए सदस्य फैसल शेरवानी भी मौजूद रहे।



