लखनऊ, 26 अगस्त 2026। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के पहले चरण का बुधवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में समापन हो गया। 14 अगस्त से शुरू हुए लखनऊ चरण में युवा और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आए खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से खूब प्रभावित किया। अब टूर्नामेंट का दूसरा और निर्णायक चरण 28 अगस्त से कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां प्लेऑफ मुकाबलों के साथ 6 सितंबर को ग्रैंड फिनाले होगा। पहले चरण के अंतिम लीग मुकाबले के दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर मीडिया बॉक्स पहुंचे और वहां मौजूद खेल पत्रकारों एवं मीडियाकर्मियों से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
‘मीडिया के सहयोग के बिना संभव नहीं थी इतनी बड़ी सफलता’
डॉ. संजय कपूर ने पत्रकारों का धन्यवाद करते हुए कहा कि मीडिया के सहयोग के बिना लीग को इतने बड़े स्तर पर सफल बनाना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रमुखता दी। उन्होंने कहा कि मीडिया की रिपोर्टिंग के जरिए इन खिलाड़ियों की प्रतिभा को बड़े मंच पर पहचान मिली और उन्हें प्रदेश के साथ-साथ देशभर में अपनी पहचान बनाने का मौका मिला। लीग से जुड़े खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लगातार सामने लाने के लिए उन्होंने सभी पत्रकारों और मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना रहा लीग का मकसद
पहले चरण के समापन और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर डॉ. संजय कपूर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग की शुरुआत का एक प्रमुख उद्देश्य ऐसे खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना था, जिन्हें संसाधनों और सुविधाओं की कमी के कारण अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि शुभम गौतम, कृष्णा सरोज, शक्ति वर्मा और हिमांशु जैसे खिलाड़ियों ने बड़े मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। इन खिलाड़ियों को इकाना जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान पर खेलने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलना लीग की बड़ी उपलब्धियों में से एक है।
अब ग्रीन पार्क में दिखेगा क्रिकेट का रोमांच
लखनऊ चरण समाप्त होने के बाद अब लीग का पूरा फोकस कानपुर पर है। 28 अगस्त से ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में टूर्नामेंट का दूसरा चरण शुरू होगा। इस चरण में प्लेऑफ और फाइनल समेत कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। 6 सितंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले के साथ यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के विजेता का फैसला होगा। लखनऊ में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों से अब कानपुर चरण में भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें ग्रीन पार्क में होने वाले निर्णायक मुकाबलों पर टिकी हैं।