नई दिल्ली: देशभर में आज रक्षाबंधन का त्योहार पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई शीर्ष नेताओं ने नागरिकों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह के इस पवित्र रिश्ते की मजबूती के साथ महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का भी संदेश दिया।
पीएम मोदी ने दी देशवासियों को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आए। पीएम मोदी ने कहा कि भाई-बहन के बीच प्रेम, अपनत्व और विश्वास की डोर हमेशा मजबूत और अटूट बनी रहे। उन्होंने इस पर्व को भारतीय पारिवारिक मूल्यों और आपसी स्नेह का प्रतीक बताया।
ओम बिरला बोले- बहनें सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का उत्सव है। उन्होंने कहा कि जब देश की हर बेटी और बहन सुरक्षित, सम्मानित और आत्मविश्वास से आगे बढ़ेगी, तभी राष्ट्र वास्तविक अर्थों में सशक्त और समृद्ध बनेगा।
अमित शाह ने की सुख-शांति की कामना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व बताया। उन्होंने प्रार्थना की कि यह पावन अवसर हर देशवासी के जीवन में नई ऊर्जा, सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
राजनाथ सिंह ने महिलाओं के सम्मान का दिया संदेश
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षाबंधन को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों का सुंदर प्रतिबिंब बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने की प्रेरणा देता है। राजनाथ सिंह ने उम्मीद जताई कि भारतीय समाज महिलाओं के स्वाभिमान और उनके सर्वांगीण सशक्तिकरण के प्रति और अधिक संवेदनशील और जागरूक बनेगा।
मनोहर लाल ने संस्कृत श्लोक के साथ दी बधाई
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने वैदिक परंपरा के अनुरूप संस्कृत श्लोक के साथ देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रसिद्ध श्लोक ‘येन बद्धो बलि: राजा दानवेन्द्रो महाबल:…’ का उल्लेख करते हुए सभी बहनों के सुख, सुरक्षा और मंगलमय जीवन की कामना की।
गडकरी और रिजिजू ने भी दी शुभकामनाएं
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी देशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। दोनों नेताओं ने इस पर्व को प्रेम, स्नेह और अटूट विश्वास का प्रतीक बताते हुए कामना की कि देश के हर घर-आंगन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।